IIT विस्तार के नाम पर पालमपुर में ज़मीन लूट का खेल, भू-माफिया मालामाल—गरीब किसान तबाह







पालमपुर में IIT विस्तार परिसर की आड़ में भू-माफिया का खेल उजागर, गरीब फिर हुआ ठगा
पालमपुर के समीप बगोड़ा क्षेत्र में IIT के विस्तार परिसर का कार्य आरंभ होने की खबर सामने आते ही जहां क्षेत्र के विकास की उम्मीद जगी थी, वहीं दूसरी ओर भू-माफिया की गतिविधियां भी उसी समय से तेज हो गई थीं। करीब एक वर्ष पूर्व जैसे ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना की चर्चा शुरू हुई, वैसे ही पालमपुर का भू-माफिया सक्रिय हो गया और नियम-कानूनों को ताक पर रखकर जमीनों की खरीद-फरोख्त का खेल शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार, पालमपुर के कुछ पुश्तैनी और प्रभावशाली सेठों ने सुनियोजित तरीके से एक गैंग के रूप में काम करते हुए गरीब और जरूरतमंद किसानों से उनकी बेशकीमती जमीनें औने-पौने दामों पर खरीद लीं। उस समय इन जमीनों की वास्तविक कीमत और भविष्य में मिलने वाले लाभों से अनजान किसानों को मजबूरी में अपनी जमीनें बेचनी पड़ीं। आज वही जमीनें करोड़ों के भाव पर पहुंच चुकी हैं और जमीन खरीदने वाले धन्ना सेठ बन बैठे हैं।
जैसे ही अब IIT विस्तार परिसर के निर्माण कार्य को लेकर ठोस गतिविधियां शुरू होने की बात ने जोर पकड़ा है, भू-माफिया की बांछें खिल गई हैं। दूसरी ओर, वे गरीब किसान और स्थानीय लोग, जिन्होंने अपनी पुश्तैनी जमीनें सस्ते दामों पर बेच दी थीं, आज सिर पकड़कर रोने को मजबूर हैं। उन्हें अब एहसास हो रहा है कि किस तरह उन्हें योजनाबद्ध तरीके से ठगा गया।
इस पूरे खेल में स्थानीय राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। आरोप हैं कि नियमों की अनदेखी कर, फाइलों को तेजी से निपटाया गया और जमीनों के सौदों को वैध रूप देने में सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया गया। जिन पर जनता की जमीन और हितों की रक्षा की जिम्मेदारी थी, वही इस खेल में शामिल होकर ऐश करते नजर आ रहे हैं।
सबसे दुखद पहलू यह है कि इस पूरे प्रकरण में मारा गया तो सिर्फ गरीब आदमी। विकास के नाम पर शुरू हुई यह परियोजना यदि पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ नहीं चली, तो भविष्य में भी ऐसे ही भू-माफिया गरीबों के सपनों को रौंदते रहेंगे। अब जरूरत है कि सरकार और प्रशासन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, ताकि विकास का लाभ सही मायनों में आम जनता तक पहुंच सके।







Comments are closed.