“एसडी कॉलेज राजपुर में दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज़, मुख्य अतिथि रहे एलआईसी के वरिष्ठ सहयोगी मनोज कुँवर”
पालमपुर:
गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म कॉलेज, राजपुर (पालमपुर) में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव के प्रथम दिवस भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), पालमपुर, शिमला मंडल के वरिष्ठ व्यवसाय सहयोगी मनोज कुँवर ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की।
यह दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव दिवंगत पं. अमर नाथ शर्मा, दिवंगत प्राचार्य नंद कुमार शर्मा, दिवंगत डॉ. शिव कुमार तथा दिवंगत श्री मनोहर सागर की स्मृति को समर्पित रहा।
महोत्सव के प्रथम दिन आयोजित अंतर-महाविद्यालयी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता को विशेष रूप से दिवंगत डॉ. शिव कुमार (पूर्व अध्यक्ष, एस.डी.पी. सभा, नई दिल्ली एवं जीजीडीएसडी एजुकेशन सोसाइटी, बैजनाथ) की स्मृति को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मनोज कुँवर ने कॉलेज के निदेशक एवं प्राचार्य डॉ. विवेक शर्मा व अन्य प्रध्यापकगण व प्रतिभागियों व विद्यर्थियों की उपस्थिति में अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों का जीवन केवल डिग्री अर्जन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि ज्ञान, संस्कार और कौशल के माध्यम से समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनना चाहिए। उन्होंने निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करती हैं।

उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि गुरुजन विद्यार्थियों के जीवन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि लक्ष्य ऊँचे रखें, ईमानदारी से प्रयास करें और असफलताओं से सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ते रहें।
कॉलेज के निदेशक एवं प्राचार्य डॉ. विवेक शर्मा ने मुख्य अतिथि मनोज कुँवर का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह से सम्मानित करते हुए उनके सामाजिक एवं प्रेरक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों की उपस्थिति से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण का संचार होता है।
Comments are closed.